चमत्कार का बाज़ार और दिमाग़ की नीलामी by Journalist Vijay Mishra

Published:

एक तरफ न्यूज़ चैनल वाले प्रेमानंद महाराज को विलेन बनाने में लगे हैं, तो दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के एक न्यूज़ चैनल ने अपने तमाम एंकरों को भोपाल में होने वाले बाबाओं के सम्मेलन के प्रचार-प्रसार में झोंक दिया है। ये एंकर चीख-चीखकर दावे कर रहे हैं कि 50 हजार लोगों का हुजूम जुटने वाला है, और यदि आप इसमें शामिल नहीं हुए तो आपको कहीं और मोक्ष नहीं मिलने वाला। इस बात का प्रचार सिर्फ चैनल ही नहीं, बल्कि वर्तमान बीजेपी सरकार के बड़े-बड़े नेता, मंत्री, मिनिस्टर भी कर रहे हैं।

ऐसा पहली बार नहीं हो रहा। पहले न्यूज़ चैनल और नेता बिना सोचे-समझे स्क्रिप्टेड वीडियो बनाकर प्रचार करते हैं, फिर जब किसी बाबा से कोई चूक हो जाए, तो टीआरपी (TRP) के लिए दिन-रात उसकी बाल की खाल निकालते हैं।

आजकल बाबाओं पर तरह-तरह की ख़बरें देखकर ऐसा लगता है कि अपना लैपटॉप उठाकर किसी रील-बनाते बाबा या उनका प्रचार करते एंकरों/नेताओं के सिर पर दे मारूँ… और फिर एक कोने में बैठकर सिगरेट सुलगाते हुए इस पूरे तमाशे पर एक लंबा, तीखा और कालजयी व्यंग्य लिखूँ।

तो पेश है पाखंड पर सीधा हमला, धर्म-अध्यात्म के बाज़ार पर करारा चाबुक, और आम भारतीय की उस चमत्कारी मानसिकता का एक्स-रे जो बिना मेहनत किए स्वर्ग और बैंक बैलेंस दोनों का वीआईपी पास चाहती है।

तो अब बिना समय गवाये, शुरू करते हैं। 

Written by: Journalist Vijay Mishra

हमारे देश में इंसान को इंसान रहने देना एक गंभीर सामाजिक अपराध है। हमारे यहाँ की जनता के पास दो ही बाल्टी हैं—एक में ‘भगवान’ बनाने का पेंट है और दूसरे में ‘राक्षस’ बनाने का तारकोल। बीच का जो ‘इंसान’ नाम का ढाँचा है, उस पर कोई ध्यान नहीं देता।

हाल ही में प्रेमानंद जी के आश्रम के बाहर की घमसान भीड़ और फिर उस पर उठी विवादों की आंधियों को देखकर मुझे भारत की उस महान ‘भीड़-संस्कृति’ पर दया आई, जो रोज़ सुबह अपना दिमाग़ खूंटी पर टाँगकर किसी न किसी बाबा के चरणों में मुआयना करने निकल पड़ती है।

कल तक जो सज्जन महाराज की गाड़ी के पहियों की धूल को ऐसे माथे पर मल रहे थे मानो उससे उनकी तीन पीढ़ियों का टैनिंग मिट जाएगा, आज एक घटना की आहट सुनते ही वही लोग हाथ में जज का हथौड़ा लेकर खड़े हो गए हैं। फैसला सुनाया जा रहा है! कोई कह रहा है, “हमें तो पहले ही शक था,” तो कोई कह रहा है, “अरे, अध्यात्म में अब वो बात कहाँ रही!”

भाई साहब, ज़रा ठहरिए। सांस लीजिए। कानून नाम की एक चीज़ होती है, जांच नाम की एक प्रक्रिया होती है। सच को बाहर आने दीजिए। लेकिन नहीं! हमारे डिजिटल युग के ‘तत्काल भक्तों’ को सब कुछ ‘इंस्टेंट’ चाहिए—दो मिनट में नूडल्स और दो मिनट में किसी का चरित्र-हरण। यहाँ धैर्य (Patience) की वही हालत है जो सरकारी दफ्तर में बिना रिश्वत वाली फाइल की होती है—लापता!

परंतु इस पूरे प्रकरण में सबसे मनमोहक दृश्य महाराज जी के विरोधी खेमे का है। जैसे ही किसी स्थापित बाबा के साम्राज्य में ज़रा सी दरार दिखती है, आसपास की झाड़ियों में छिपे दूसरे कथावाचक, पर्ची वाले चमत्कारी बाबे और आध्यात्मिक ‘प्रॉपर्टी डीलर’ अचानक रील्स और प्रवचनों पर प्रकट होने लगते हैं। उनके चेहरों पर एक अजीब सी, छिपी हुई, संतुष्ट मुस्कान होती है। वे ऐसे बात करते हैं मानो ईश्वर ने उन्हें सीधे फोन करके कहा हो, “वहाँ की दुकान का शटर गिर रहा है, तुम अपनी गुमटी का ताला खोल लो!”

हर आलोचना गलत नहीं होती। सवाल पूछना जीवंतता की निशानी है। लेकिन जब किसी संत या ज्ञानी के संकट में किसी दूसरे की ‘आध्यात्मिक दुकान’ में अचानक अचानक रौनक लौटने लगे, तो समझ लेना चाहिए कि मामला मोक्ष का नहीं, ‘स्पिरिचुअल मार्केट शेयर’ (Spiritual Market Share) का है। अध्यात्म का यह कॉर्पोरेट ढाँचा बड़ा दिलचस्प है। यहाँ भी कॉम्पिटिशन है, यहाँ भी ‘क्लाइंट एक्विजिशन’ (Client Acquisition) चल रहा है।

1. महर्षि गौतम की गाय और भारतीय भीड़ का शाश्वत चरित्र

कुछ लोग समझते हैं कि यह भीड़ आज के रील्स और स्मार्टफोन के ज़माने में ऐसी हुई है। जी नहीं! हमारी भीड़ का चरित्र सदियों पुराना और बहुत प्रामाणिक है। इतिहास और पौराणिक कथाएँ गवाह हैं कि हम अपने सबसे बड़े उपकारियों की छाती पर ही सबसे पहले पत्थर मारते हैं।

नासिक के पास त्र्यंबकेश्वर की पावन भूमि का इतिहास याद कीजिए। वहाँ महर्षि गौतम रहते थे। जब पूरे इलाके में भयंकर अकाल पड़ा, ज़मीन फटने लगी और लोग भूखों मरने लगे, तब महर्षि गौतम ने अपनी उग्र तपस्या और साधना से अन्न और जल के भंडार उत्पन्न किए। उन्होंने हज़ारों ऋषियों, मुनियों और ग्रामीणों को शरण दी, उनका पेट पाला।

फिर क्या हुआ?

वही हुआ जो हमेशा होता है! जब महर्षि गौतम का प्रभाव और सम्मान बढ़ने लगा, तो बाकी ऋषियों के पेट में ‘ईर्ष्या का मरोड़’ उठने लगा। उनके मन में आया कि यह आदमी हमसे बड़ा कैसे हो गया? उन तथाकथित ज्ञानियों ने एक मायावी गाय का षड्यंत्र रचा। छल से उस गाय को गौतम ऋषि के आश्रम में भेजा गया और जैसे ही ऋषि ने उसे तिनके से हटाने की कोशिश की, वह मायावी गाय वहीं गिरकर मर गई।

बस! फिर क्या था! कल तक जो लोग गौतम ऋषि के आश्रम का अन्न खाकर डकार मार रहे थे, वही रातों-रात एकजुट होकर चिल्लाने लगे—“गौ–हत्यारा! गौ–हत्यारा!”

जिस व्यक्ति ने अकाल में उनकी जान बचाई थी, उसे समाज से बहिष्कृत कर दिया गया। उन पर पत्थर उछाले गए। उन्हें पापी घोषित कर दिया गया। गौतम ऋषि चुपचाप सब सहते रहे। उन्होंने फिर से भगवान शिव की कठोर तपस्या की। जब आशुतोष शिव प्रकट हुए, तो उन्होंने समाज के उस नीच षड्यंत्र का पर्दाफाश किया। शिव जी ने महर्षि गौतम की पवित्रता पर मोहर लगाई और उनकी तपस्या के फलस्वरूप वहाँ पतित-पावनि गोदावरी (गंगा) को प्रकट किया, जिसके तट पर आज त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग स्थापित है।

कथा समाप्त हो गई, लेकिन कथा का सबक आज भी ज़िंदा है।

तथ्य यह है कि इस देश का जनमानस कल भी ईर्ष्यालु और कान का कच्चा था, आज भी है। कल षड्यंत्र आश्रम की रसोई में रचे जाते थे, आज ‘व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी’ और ‘इंस्टाग्राम रील्स’ पर रचे जाते हैं। कल भी भीड़ को किसी का चमत्कार देखना था और आज भी भीड़ को किसी का पतन देखकर ताली बजानी है।

2. ‘विराट वाला नोट’ और कैंची धाम का इनक्यूबेशन सेंटर

हमारे देश के श्रद्धालु का दिमाग़ बड़ा अद्भुत कैलकुलेटर है।

जैसे ही खबर फैली कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा प्रेमानंद जी के दरबार में सिर झुकाकर बैठे हैं, वैसे ही देश भर के बेरोजगारों, फ्लॉप व्यापारियों और आलसियों के दिल में घंटी बजी—“अरे! लगता है विराट वाले 5–5 सौ के कड़क नोट यहीं से छपकर निकलते हैं!”

अगले ही दिन से आश्रम के बाहर कतारें दो किलोमीटर लंबी हो गईं। लोग बाबा के दर्शन करने नहीं जा रहे थे, वे उस ‘सीक्रेट फ़ॉर्मूले’ की तलाश में जा रहे थे जिससे छक्का मारा जाता है।

कोई उस मूर्ख भीड़ को समझाए कि विराट कोहली ने माथा टेकने से पहले अपनी जवानी के पंद्रह साल मैदान की धूल में घिसे हैं। उसने रात के दो-दो बजे उठकर फिटनेस के लिए अपनी ज़बान का स्वाद मारा है, अपनी पसली तुड़वाई है, अनुशासन का ज़हर पिया है। तब जाकर बैट से रन निकलते हैं। केवल महाराज जी के सामने दंडवत प्रणाम कर लेने से किसी के बैंक अकाउंट में ‘नेफ्ट’ (NEFT) का मैसेज नहीं आता। लेकिन हमारी भीड़ को मेहनत से सख्त नफ़रत है, उसे ‘कृपा’ चाहिए।

यही तमाशा कैंची धाम में चल रहा है।

स्टीव जॉब्स अपनी ज़िंदगी के सबसे बुरे दौर में कैंची धाम गए थे। उसके बाद मार्क ज़करबर्ग भी गए। बस! हमारी भारतीय बुद्धि ने तुरंत निष्कर्ष निकाल लिया—“कैंची धाम कोई मंदिर नहीं, असल में सिलिकॉन वैली का ‘स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर’ है!”

अब हर दूसरा नौजवान, जिसने अपनी पूरी पढ़ाई में सिर्फ नकल की है और जिसका इकलौता हुनर क्षेत्र में पधारे विधायक, मंत्री, जिला मंत्री, प्रदेश अध्यक्षों को successfully माला पहनाने का है, वह नेता जी की अनुपस्थित में पीठ पर पिट्ठू बैग लादकर कैंची धाम जैसी जगहों की तरफ भाग रहा है। वह सोच रहा है कि बाबा नीम करौली जी की मूर्ति के आगे एक बार ‘ऑल द बेस्ट’ बोल दो, और अगले हफ़्ते मंत्री जी को उसका नाम याद हो जाएगा!

अरे भाई! स्टीव जॉब्स कैंची धाम गए थे, लेकिन कैंची धाम से लौटने के बाद उन्होंने सालों तक Research और Development में रातें काली की थीं, अपनी बनाई कंपनी से निकाले जाने का ज़िल्लत भरा घूँट पिया था, असफलता के नरक को झेला था और अपने जुनून (Obsession) से दुनिया को बदला था। ज़करबर्ग ने कोड लिखे थे, मंदिर की परिक्रमा करके करोड़पति बनने का शॉर्टकट नहीं ढूँढा था।

कोई भी ईश्वर, कोई भी बाबा, कोई भी शक्ति उस आदमी की मदद कभी नहीं कर सकती जो अपने काम के प्रति हरामखोर है।

श्रद्धा आपको मानसिक संबल दे सकती है।

  • तीर्थ आपके बिखरे हुए दिमाग़ को थोड़ा फोकस (Focus) दे सकता है।
  • गुरु आपको सही और गलत का नक्शा दिखा सकता है।

लेकिन रास्ता तो पैरों से ही नापना पड़ेगा! तीर्थ आपके भीतर की ऊर्जा का ‘एम्पलीफायर’ (Amplifier) है। अगर आपके अंदर लगन और विचार का संगीत है, तो तीर्थ उसे तेज़ कर देगा। लेकिन अगर आपके अंदर सिर्फ आलस, चालाकी और गोबर भरा है, तो तीर्थ में जाकर भी वह गोबर ही रहेगा—फ़र्क सिर्फ इतना होगा कि उस पर एक दो-इंच चौड़ा चंदन का तिलक लग जाएगा, और नेताजी के लिए आपका नाम इसलिए याद नहीं होगा की वो आपके लिए अगले चुनाव में कुर्सी छोड़ देंगे, बल्कि हर 5 साल में चुनाव होते है इसलिए!

3. ₹51 का प्रसाद और ₹51 लाख का टेंडर

बहुत से लोगों की ईश्वर से जो डील है, उसे देखकर तो कॉर्पोरेट जगत के सबसे बड़े दलाल भी शर्म से पानी-पानी हो जाएँ।

इनकी भक्ति का समीकरण इतना है: “₹51 का बूंदी का प्रसाद मेरा… और बदले में ₹51 लाख का सरकारी टेंडर आपका!”

इन्होनें जगदाधार परमात्मा को भी अपने इलाके का रिश्वतखोर ‘सरकारी बाबू’ समझ रखा है। ‘थोड़ा चढ़ावा चढ़ाओ, फाइल पर लाल फीता काटो और काम आगे बढ़ाओ।’

और इसमें दोष उस अकेले भगवान का भी नहीं है। हमारे देश की नस-नस में घूसखोरी ऐसे दौड़ रही है जैसे डायबिटिक मरीज के खून में शक्कर! हमारे यहाँ लोग सड़क पर पुलिस वाले को सौ का नोट पकड़ाते हुए ज़रा नहीं हिचकिचाते, तो वही आदत वे मंदिर में भी ले जाते हैं। वे सोचते हैं कि जैसे ट्रैफिक हवलदार सौ रुपये में हेलमेट भूल जाता है, वैसे ही जगन्नाथ जी पचास रुपये के पेड़े में उनके सारे पाप भूल जाएँगे!

जितना मोटा चंदा, उतना मोटा धंधा! चाहे धर्म का बाज़ार हो या राजनीति का, सोच एक ही है।

शिरडी के साईं बाबा पूरी ज़िंदगी फकीरी में रहे। एक टाट का टुकड़ा पहनते थे, मटके का पानी पीते थे और झोपड़ी में सो जाते थे। आज उनके भक्तों का हाल देखिए! वही भक्त वहाँ सोने के मुकुट, चाँदी के सिंहासन और हीरों के हार लेकर पहुँच रहे हैं। जो आदमी अपनी पूरी ज़िंदगी कंचन और कामिनी के खिलाफ बोलता रहा, उसके मरने के बाद हमने उसे ही सोने का ताज पहनाकर ‘करोड़पति क्लब’ का चेयरमैन बना दिया!

दिल्ली के छतरपुर में ‘गुरुजी’ का सत्संग देख लीजिए। वहाँ जो गाड़ियाँ आकर रुकती हैं, उनकी कीमत से एक छोटा शहर खरीदा जा सकता है। लोग वहाँ शांति ढूँढने नहीं जाते। लोग वहाँ अपनी बैलेंस शीट का ‘टर्नओवर’ (Turnover) बढ़ाने जाते हैं। ‘अंकल जी की कृपा हो जाए, शेयर बाज़ार में अपर सर्किट लग जाए!’

इसी चमत्कारी घटिया मानसिकता की कोख से ‘फर्जी बाबाओं की फैक्ट्रियाँ’ जन्म लेती हैं।

बाबा बनाने की आसान रेसिपी (Recipe):

  1. दो सेलिब्रिटी को आश्रम में बिठाओ।
  2. चार रील्स इंस्टाग्राम पर वायरल कराओ, जिसमें पीछे धीमा और दुखद संगीत बज रहा हो।
  3. पाँच भाड़े के लोगों से यह कहलवा दो कि “इनके हाथ फेरते ही मेरी कैंसर की रिपोर्ट नेगेटिव आ गई!”

बस! नया बाबा मार्केट में ‘लिस्टेड’ (Listed) हो गया!

इसके बाद क्या होगा? इसके बाद भीड़ का सैलाब आएगा। फिर आम आदमी के लिए लाइन तीन किलोमीटर लंबी होगी और सेठों के लिए ‘VIP पास’ और ‘VVIP दर्शन’ का रेट कार्ड जारी होगा। चढ़ावा करोड़ों में पहुँचेगा। फिर दो साल बाद कोई स्कैंडल बाहर आएगा, पुलिस का छापा पड़ेगा, बाबा जी तिहाड़ जाएँगे… और वही भीड़ टीवी के सामने बैठकर छाती पीटकर कहेगी—“हाय राम! हमें क्या पता था कि बाबा ऐसे निकलेंगे!”

अरे मूर्खों! तुम्हें पता कैसे चलता? तुम तो अपनी अक्ल, अपनी तर्कशक्ति और अपना विवेक बाबा के आश्रम के बाहर जूते-चप्पलों के साथ ही जमा करके अंदर गए थे!

नकली बाबा आसमान से नहीं टपकते। तुम्हारी ‘बिना मेहनत के सब कुछ पा लेने की मांग’ ही उन सप्लाई करने वाले बाबाओं को पैदा करती है। Demand create करोगे, तो Supply तो होगी ही!

4. राजनीति का मदार और अंधभक्तों की फ़ैक्ट्री

यही सड़ांध हमारी राजनीति में भी है। जो बीमारी मंदिर के प्रांगण में है, वही बीमारी चुनाव के पोलिंग बूथ पर है।

राम रहीम हो, आसाराम हो, या देश का कोई बहुत बड़ा नेता—हमारे देश के लोग किसी भी इंसानी पुतले को ‘भगवान’ का दर्जा देने में ज़रा भी देर नहीं लगाते। और जैसे ही कोई इंसान ‘भगवान’ बनता है, वह सवालों के घेरे से बाहर हो जाता है।

चाहे नरेंद्र मोदी हों, राहुल गांधी हों, या कोई क्षेत्रीय नेता—नेता सिर्फ एक जनप्रतिनिधि होता है, जिसे हमने अपने टैक्स के पैसे से देश चलाने की ‘मज़दूरी’ पर रखा है। वह कोई अवतार नहीं है!

  • उसने काम अच्छा किया? डंके की चोट पर उसकी तारीफ करो।
  • उसने गलत नीति बनाई? सड़क पर उतरकर उसकी छाती पर चढ़कर सवाल पूछो!

लेकिन यहाँ माहौल क्या है? अगर आप देश के प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री से उनकी नीति पर सवाल पूछ लें, तो उनकी अंधभक्तों की सेना तुरंत आपके माथे पर ‘देशद्रोही’, ‘गद्दार’ और ‘पाकिस्तान भेजने’ का ठप्पा टाँग देती है!

यह वही भीड़ है! ध्यान से देखिए इस भीड़ को।

  • यही भीड़ सुबह बाबा के पंडाल में झूम-झूमकर नाच रही होती है।
  • यही भीड़ दोपहर में नेता की रैली में पाँच सौ रुपये और बिरयानी के पैकेट के लिए नारे लगा रही होती है।

इनका अपना कोई दिमाग़ नहीं है।

  • नारा भी वही लगाएंगे जो सामने वाला लाउडस्पीकर पर बोलेगा।
  • गुस्सा भी उसी पर करेंगे जिसकी तरफ उनका नेता या बाबा उंगली उठा देगा।

फिर बुद्धिजीवी बैठकर चाय की चुस्की लेते हुए सवाल पूछते हैं—“इस देश की भीड़ को सत्य की समझ कब आएगी?”

कब आएगी समझ?

  • जब तक बाबा बताएगा कि तुम्हें क्या सोचना है?
  • जब तक राजनेता तय करेगा कि तुम्हें किस धर्म या जाति से नफरत करनी है?
  • जब तक रील्स पर नाचने वाला सेलिब्रिटी बताएगा कि कौन सा मंदिर ‘ज्यादा पावरफुल’ है?

जिस दिन इस देश का आम नागरिक अपना दिमाग़ ‘किराये पर देना’ बंद कर देगा, उसी दिन इस देश की आधी अंधभक्ति, आधे फर्जी बाबा और आधे भ्रष्ट नेता एक साथ बेरोज़गार हो जाएँगे!

5. ‘मोक्ष प्रीमियम प्लान’ और असली अध्यात्म

आजकल के धर्मगुरुओं ने नाम-जप को भी टेलीकॉम कंपनी का ‘रिचार्ज प्लान’ बना दिया है:

  • 1 लाख नाम जप किया? मुबारक हो, आप ‘सिल्वर प्लान’ में हैं!
  • 1 करोड़ नाम जप किया? बहुत बढ़िया, आपको ‘गोल्ड सब्सक्रिप्शन’ मिला!
  • 10 करोड़ नाम जप किया? बधाई हो! आप ‘मोक्ष प्रीमियम’ के हकदार हैं, सीधे बैकुंठ में सीट कन्फर्म!

भगवान कोई ‘लॉयल्टी पॉइंट्स’ (Loyalty Points) नहीं बाँट रहे हैं कि जितना कार्ड स्वाइप करोगे, उतना डिस्काउंट मिलेगा!

नाम में भाव चाहिए, साधना में विवेक चाहिए, श्रद्धा में समझ चाहिए, और जीवन की सफलता के लिए कठोर परिश्रम, फोकस और कमिटमेंट चाहिए।

स्वामी विवेकानंद ने जब अमेरिका से लौटकर भारत के ढोंगी और अंधविश्वासी समाज को देखा था, तो उन्होंने गरजकर कहा था—“अगर तुम्हें इस ब्रह्मांड के 33 करोड़ देवताओं पर विश्वास है, लेकिन अपने आप पर और अपनी बुद्धि पर विश्वास नहीं है, तो तुम नास्तिक हो! ऐसे धर्म को समुद्र में फेंक दो जो तुम्हें कमज़ोर और अनपढ़ बनाता है।“

तीर्थ यात्रा गाड़ी का ‘एक्सेलेरेटर’ (Accelerator) हो सकती है, लेकिन गाड़ी का ‘इंजन’ (Engine) आपकी अपनी बुद्धि, आपकी आत्मा और आपका कर्म ही है। अगर इंजन में तेल ही नहीं है, तो एक्सेलेरेटर पर कितना भी पैर पटक लो, गाड़ी गंतव्य तक नहीं पहुँचेगी!

इसलिए:

  • गुरु के पास जाओ, तो ज्ञान और अंतर्मन की यात्रा के लिए जाओ; पैसे, नोट, नौकरी और पदवी की भीख माँगने मत जाओ।
  • भक्ति अवश्य रखो, लेकिन अपनी बुद्धि को किसी के चरणों में गिरवी मत रखो।
  • नेता चुनो जो तुम्हारा काम करे, उसे अपना ‘देवता’ बनाकर उसकी पूजा मत शुरू कर दो।
  • सच्चा गुरु मानो, लेकिन उसकी मानसिक गुलामी स्वीकार मत करो।
  • तीर्थ जाओ, लेकिन अपनी समस्याओं से भागने का शॉर्टकट मत ढूँढो।

जागरूक नागरिक ही एक सशक्त, समर्थ और प्रगतिशील राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। किसी बाबा या किसी नेता का अंधभक्त बनकर सिर्फ और सिर्फ एक ‘भीड़’ बनाई जा सकती है, ‘देश’ नहीं!

अपनी भक्ति और धर्म को अपने घर के पूजा-घर तक, अपनी निजी चेतना तक सीमित रखिए। बाज़ार में धर्म का जुलूस निकालना बंद कीजिए। जिस दिन आप विवेकशील बन जाएँगे, उस दिन न कोई बाबा आपको ठग पाएगा और न ही कोई नेता आपको मुर्ख बना पाएगा।

Vijay Mishra
Vijay Mishrahttp://tknprime.com
विजय मिश्रा, जिन्हें मीडिया जगत में #JournalistVijay के नाम से जाना जाता है, ज़मीनी पत्रकारिता के एक निर्भीक, संवेदनशील और जन-उन्मुख संवाहक हैं। पत्रकारिता उनके लिए कोई आजीविका का साधन नहीं, बल्कि समाज के प्रति नैतिक दायित्व और जनसेवा का एक सशक्त माध्यम है। पेशागत रूप से दो दशकों (20+ वर्ष) के अनुभव वाले एक वरिष्ठ आईटी और ईआरपी (ERP) विशेषज्ञ होने के नाते, वे अपनी पेशेवर आजीविका आईटी क्षेत्र से अर्जित करते हैं। यही आर्थिक स्वतंत्रता उन्हें बिना किसी दबाव, प्रलोभन या व्यावसायिक पक्षपात के बेबाक और निष्पक्ष पत्रकारिता करने की अद्वितीय ताकत देती है।ज़मीनी पत्रकारिता और जन-सरोकार विजय मिश्रा की पत्रकारिता एसी कमरों या स्टूडियो की बहसों तक सीमित न रहकर सीधे सड़कों, गांवों और चौपालों तक पहुंचती है। मध्य प्रदेश की राजनीतिक धारा, मतदाताओं की बदलती सोच और ज़मीनी हकीकत पर उनकी गहरी पकड़ है। जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने के कारण वे आम मानस की नब्ज को बखूबी समझते हैं।उनकी पत्रकारिता का मुख्य केंद्र बिंदु प्रशासनिक तंत्र की खामियों को उजागर करना और अंतिम व्यक्ति की आवाज बनना है:नल-जल योजना व हर घर जल में भ्रष्टाचार: ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल संकट, पाइपलाइन बिछाने में हुई धांधलियों और 'हर घर नल योजना' के धरातल पर अधूरे वादों को उजागर करना।पीएम आवास योजना और राशन व्यवस्था: गरीबों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं जैसे 'प्रधानमंत्री आवास योजना' और 'राशन कार्ड' वितरण में होने वाली लालफीताशाही, कमीशनखोरी और धांधली की सीधी ग्राउंड रिपोर्टिंग।सत्ता और नीति-निर्माताओं से सीधे सवाल: नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और निर्णयकर्ताओं से सीधी मुलाकात कर उनसे जनता के ज्वलंत मुद्दों पर कड़े, तर्कसंगत और तीखे सवाल पूछना।हरिशंकर परसाई शैली का प्रभाव और व्यंग्यात्मक लेखन समय के साथ, विजय मिश्रा हिंदी साहित्य के महान व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की लेखन शैली से गहराई से प्रभावित हुए हैं। वे परसाई जी की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अपनी रिपोर्टिंग और आलेखों में तल्ख व्यंग्य (Satire) का प्रयोग करते हैं।राजनीतिक पाखंड, प्रशासनिक सुस्ती और सामाजिक विडंबनाओं पर प्रहार करने के लिए वे तीखे व्यंग्यात्मक तर्कों का सहारा लेते हैं। उनका मानना है कि जो बात सीधी रिपोर्टिंग से कभी-कभी दब जाती है, उसे व्यंग्य के जरिए तंत्र के ज़मीर को झकझोरने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।तकनीकी दक्षता और निष्काम समाज सेवा पत्रकारिता में उनका प्रवेश भले ही किसी विशेष परिस्थिति या सामाजिक परिस्थितियों की देन (Compulsion) रहा हो, लेकिन आज वे अपने खाली समय का उपयोग पूरी तरह से समाज-हित में करते हैं।निःस्वार्थ पत्रकारिता: पत्रकारिता से धन कमाना उनका उद्देश्य कभी नहीं रहा। वे अपनी आईटी पृष्ठभूमि के माध्यम से सम्मानित आजीविका कमाते हैं और पत्रकारिता के जरिए केवल पीड़ितों, वंचितों और आम जनता की मदद करते हैं।डेटा और तकनीक का उपयोग: एक वरिष्ठ आईटी पेशेवर होने के कारण वे डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल टूल्स और तकनीकी तथ्यों का उपयोग कर अपनी रिपोर्टिंग को अधिक प्रामाणिक और अकाट्य बनाते हैं।विजय मिश्रा की पत्रकारिता तकनीक, व्यंग्य, ज़मीनी जुड़ाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक ऐसा विरल मिश्रण है, जो आम जनता के लिए उम्मीद की एक किरण और व्यवस्था के लिए एक सतर्क प्रहरी का काम करती है।

Related articles

spot_img

Recent articles

spot_img