Golu Furniture House चाकघाट की एक चिंगारी जो व्यवस्था के चीथड़े उड़ा गई: FIR की राजनीति पर Journalist Vijay Mishra की राय

Published:

चाकघाट व्यापार मण्डल ग्रुप में मेरे एक मित्र ने सवाल पूछा कि, ‘नगर पंचायत’ अध्यक्ष यानि ‘विभव जैसवाल’ ने गोलू फर्नीचर स्टोर में हुई दुर्घटना के उपरांत उनके ऊपर हुए गाली-गलौज के खिलाफ 5 लोगों पर FIR करवाया है, उस पर स्थानीय लोगों की क्या राय है?’ उसी मुद्दे पर अपनी बेबाक राय साझा करने के लिए यह लेख लिख रहा हूँ। हो सके तो इसे पूरा पढ़ें…

Chakghat की एक चिंगारी जो व्यवस्था के चीथड़े उड़ा गई

मध्य प्रदेश के रीवा जिले का चाकघाट बाजार, एक ऐसा इलाका जो अपनी व्यावसायिक गतिविधियों और जन-जीवन की सामान्य चहल-पहल के लिए जाना जाता है। लेकिन 10 नवंबर की उस मनहूस रात ने इस शहर की सरजमीन पर एक ऐसा काला धब्बा छोड़ दिया, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। अशोक गुप्ता उर्फ ‘गोलू’ की फर्नीचर दुकान में लगी भीषण आग ने न सिर्फ एक परिवार की वर्षों की खून-पसीने की कमाई, उनके सपनों के आशियाने और जमा-पूंजी को चंद मिनटों में राख कर दिया, बल्कि हमारे पूरे प्रशासनिक तंत्र, जनप्रतिनिधियों, व्यवस्था और विरोधियों के खोखले दावों को भी बेनकाब कर दिया।

इस घटना के बाद जो कुछ हुआ, वह इस बात का प्रमाण है कि जब सिस्टम अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ लेता है, तो जनता का गुस्सा किस तरह बेकाबू और अराजक हो सकता है। नगर परिषद अध्यक्ष विभव कुमार जायसवाल ने इस घटना के बाद पांच स्थानीय लोगों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया, जिसमें उन पर अभद्रता, मारपीट के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। लेकिन एक पत्रकार के तौर पर जब मैंने इस पूरे मामले की परतें टटोलीं, तो सवाल सिर्फ कुछ लोगों की दबंगई या बदतमीजी तक सीमित नहीं रह जाता। असली सवाल यह है कि इस आगजनी और आक्रोश की असली जड़ें कहाँ हैं? क्या यह महज कुछ युवकों की गलती थी, या इसके पीछे पूरी व्यवस्था की आपराधिक लापरवाही छिपी है?

पीड़ित का संयम बनाम समर्थकों की अराजकता

इस पूरी घटना का एक पहलू यह है कि जिस व्यक्ति की दुकान जली, जिसका सब कुछ लुट गया, वह यानी अशोक गुप्ता ‘गोलू’ या उनका सीधा परिवार यदि संयम बनाए हुए है, अपनी पीड़ा को चुपचाप सह रहा है और कानून को अपने हाथ में नहीं ले रहा है, तो उनके शुभचिंतकों या तथाकथित समर्थकों को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार किसने दिया?

यह सरासर गलत है। अगर कोई व्यक्ति पीड़ित है और वह शांत है, तो उसके शुभचिंतकों को भी संयम करना चाहिए। उग्रता और हिंसा कभी भी समाधान नहीं हो सकती। जिन लोगों ने विभव जायसवाल के साथ बदतमीजी की, उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की, उन्होंने मर्यादा को भी तार-तार किया जो मुश्किल समय में एक-दूसरे के साथ खड़े रहने की सीख देती है।

लेकिन यहाँ एक और गंभीर सवाल खड़ा होता है, क्या यह गुस्सा सिर्फ विभव जायसवाल पर निकलना चाहिए था? क्या यह भूल जाना चाहिए कि पिछले दो महीनों से चाकघाट नगर परिषद की फायर ब्रिगेड (दमकल वाहन) खराब पड़ी थी और उसे सुधारा नहीं गया था? गुस्सा जायज था, लेकिन उसका निशाना गलत जगह पर साधा गया।


क्या सिर्फ एक व्यक्ति जिम्मेदार है?

आइए, इस बात पर गहराई से विचार करें कि क्या यह विफलता सिर्फ एक व्यक्ति, यानी नगर परिषद अध्यक्ष विभव जायसवाल की है?

मेरा यह मानना है और चाकघाट की हर समझदार जनता इस बात से सहमत होगी कि यह सरासर किसी एक व्यक्ति की गलती नहीं है। इस पूरी घटना के पीछे वो तमाम लोग जिम्मेदार हैं जो इस प्रशासनिक व्यवस्था को चलाने के लिए बैठे हैं।

यदि त्योंथर तहसील या चाकघाट क्षेत्र में दमकल वाहन पिछले दो महीनों से खराब पड़ा था और उसे ठीक नहीं कराया गया, तो इसके लिए सिर्फ नगर अध्यक्ष को दोषी ठहराना नाइंसाफी होगी।

उन तमाम पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय क्यों नहीं होनी चाहिए जो नगर परिषद की बैठकों में हिस्सा लेते हैं, जो जनता के वोटों से चुनकर कुर्सी पर बैठते हैं? क्या उन्होंने कभी नगर की सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं पर चर्चा की? क्या किसी ने यह सवाल उठाया कि अगर आज आग लग जाए, तो हमारी गाड़ियाँ कहाँ हैं? यदि उन्होंने मीटिंगों में इन मुद्दों को नहीं उठाया और इसके लिए आवाज बुलंद नहीं की, तो वे भी इस आपराधिक लापरवाही के उतने ही बड़े भागीदार हैं जितने कि अन्य जिम्मेदार अधिकारी।

सोचिए, जिन लोगों ने उस दिन भीड़ में रोष दिखाया, मारपीट की कोशिश की, उनके खुद के घरों में भी कोई न कोई जनप्रतिनिधि होगा। कोई कोई पार्षद होगा, कोई सरकारी नौकरी में होगा, तो किसी का रिश्तेदार किसी बड़े पद पर काम कर रहा होगा। क्या वे लोग अपने घर के किसी सदस्य या रिश्तेदार के साथ ऐसी बदतमीजी या हिंसा बर्दाश्त कर सकते हैं? अगर वे अपने अपनों के साथ ऐसा व्यवहार स्वीकार नहीं कर सकते, तो विभव जायसवाल या किसी भी अन्य व्यक्ति के साथ ऐसा किया जाना भी कतई जायज नहीं ठहराया जा सकता।

सबसे जरूरी सवाल, क्या FIR करवाना Vibhav का अहंकार है या राजनीति का नया रूप?

इस मामले में एफआईआर (FIR) कराने का सीधा अर्थ यही निकलता है कि आगजनी के दौरान हुई गाली-गलौज वाली घटना को अध्यक्ष जी ने व्यक्तिगत रूप से ले लिया। उन्हें यह समझना चाहिए कि यह आक्रोश व्यक्तिगत रूप से विभव जायसवाल के लिए नहीं था। यह गुस्सा लोगों का अपने ‘नगर अध्यक्ष’ के प्रति था, जिन्होंने अपनी ड्यूटी को उतना गंभीरता से नहीं लिया, जितना कि लिया जाना चाहिए था। चाकघाट में कई युवा खुद से या अपनी पुश्तैनी दुकान को आगे बढ़ा रहे हैं, ऐसे में जब एक युवा (गोलू) की मेहनत उनके आँखों के सामनें खाक हुई उनका गुस्सा होना बहुत गलत भी नहीं है। आखिर नुकसान तो असल में फायर ब्रिगैड की खराबी के कारण हुआ। इसलिए जरूरी नहीं की आक्रोश राजनैतिक था।

जनप्रतिनिधियों को या तो यह सब सहने की आदत होनी चाहिए, या फिर चुनाव लड़ने से पहले ही यह सोचना चाहिए कि आखिर राजनीति मांगती क्या है? अहंकार (Ego) के साथ कोई अच्छा नेता नहीं बन सकता। यह बात मैं नहीं कह रहा, बल्कि हमारे सनातन धर्म ने सदियों पहले सिखाया है कि विनय और सहनशीलता ही नेतृत्व की असली कसौटी है।

इसलिए, यदि जनप्रतिनिधियों से गलती होगी, तो जनता का गुस्सा सहना ही पड़ेगा। यदि कोई बहुत बड़ी वजह नहीं है और यह एफआईआर सिर्फ इसलिए जारी रखी जा रही है कि आम जनता थोड़ा झुक जाए या माफी मांगे, तो यह पूरी तरह गलत बात है—जब तक कि इसके पीछे किसी का कोई पुराना राजनीतिक टकराव न हो।

Editorial Note: सार्वजनिक जीवन में जनता का आक्रोश किसी व्यक्ति विशेष का अपमान नहीं, बल्कि व्यवस्था की विफलता के प्रति जवाबदेही की मांग होता है। एफआईआर के भय से जनता को झुकाने की कोशिश लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।



चाकघाट और त्योंथर की असल जरूरतें बड़ी घोषणाएं करनें की नहीं हैं बल्कि बुनियादी सुविधाएं लानें की हैं।

आज जब हम विकास के बड़े-बड़े दावे सुनते हैं, तो त्योंथर तहसील की जमीनी हकीकत इन दावों की धज्जियां उड़ा देती है।

पूरे त्योंथर क्षेत्र में आगजनी जैसी आपातकालीन घटनाओं से निपटने के लिए सिर्फ दो दमकल वाहन होना ऊँट के मुँह में जीरा के समान है। मेरी और क्षेत्र की जनता की यह स्पष्ट माँग है कि पूरे त्योंथर क्षेत्र के भौगोलिक विस्तार को देखते हुए कम से कम 10 दमकल वाहन होने चाहिए। इन्हें अलग-अलग strategic जगहों पर deploy किया जाना चाहिए ताकि किसी भी कोने में आग लगने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।

आज के इस आधुनिक युग में, जहाँ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चैटजीपीटी जैसी तकनीकें एक क्लिक पर बता सकती हैं कि किस भौगोलिक क्षेत्र के लिए कितने संसाधनों की जरूरत है, वहाँ इस तरह की बुनियादी चूक होना प्रशासनिक इच्छाशक्ति की कमी को साफ दर्शाता है। यदि कोई अधिकारी या जनप्रतिनिधि एक सही मैप अपलोड कर दे, तो तकनीक खुद आपको पूरी स्ट्रेटेजी और कम से कम खर्च में एक बेहतरीन मैनेजमेंट प्लान तैयार करके दे सकती है।

लेकिन विडंबना यह है कि हमारे जनप्रतिनिधियों को भाषणों में त्योंथर को 200, 400, 6000 या 8000 करोड़ रुपये के बड़े-बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा करनें में मजा आता है, अखबार में हेड्लाइन भी या जाती है, लेकिन यदि वे पहले चाकघाट और त्योंथर को 4 से 6 करोड़ रुपये की बुनियादी चीजें—जैसे कि दुरुस्त फायर ब्रिगेड, और आपदा प्रबंधन के साधन—समय पर नहीं दिलवा सकते, तो सब छलावा है। अगर ये छोटी और बुनियादी जरूरतें समय पर पूरी हो जाएं, तो त्योंथर की जनता खुद-ब-खुद खुश हो जाएगी और उसे बड़े-बड़े भाषणों की जरूरत नहीं पड़ेगी।

आखिर आजकल के ‘Photo Politics’ पर कलेक्टर, SDM, विधायक, सांसद और उप-मुख्यमंत्री की जवाबदेही क्या है?

अब सवाल यह उठता है कि इस पूरी अव्यवस्था का मालिक कौन है? क्या हमारे जिले के कलेक्टर, स्थानीय एसडीएम, और तमाम प्रशासनिक अमले की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती?

सरकारी कर्मचारी, अधिकारी, और चुने हुए लीडर किस बात की तनख्वाह ले रहे हैं?

क्या उनकी यह ड्यूटी नहीं है कि वे समय-समय पर निरीक्षण करें कि क्षेत्र में एम्बुलेंस की क्या स्थिति है, फायर ब्रिगेड चालू हालत में है या नहीं, और अस्पताल या अन्य आपातकालीन सेवाएं ठीक से काम कर रही हैं या नहीं?

और बात सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है। हमारे क्षेत्र के विधायक, सांसद, मंत्री, उप-मुख्यमंत्री और यहाँ तक कि मुख्यमंत्री तक, ये सब जब चुनाव आते हैं या जब कोई बड़ी दुर्घटना होती है, तो संवेदना जताने और अखबारों में अपनी फोटो छपवाने के लिए फौरन पहुँच जाते हैं। तब ये बड़े-बड़े दावे करते हैं कि “हम जनता के लिए अपनी जान दिए जा रहे हैं,” “हम दिन-रात मेहनत कर रहे हैं,” “हम 18-18 घंटे काम करते हैं और कभी छुट्टी नहीं लेते।”

तो फिर मेरा इनसे सीधा सवाल है, जब आप लोग क्षेत्र के चप्पे–चप्पे पर घूमते रहते हैं, वीआईपी दौरे करते हैं, तो क्या आपके दिमाग में यह बात नहीं आती कि यहाँ के लोगों की बुनियादी समस्याएं क्या हैं? क्या आपको यह दिखाई नहीं देता कि एक छोटी सी आग बुझाने के लिए हमारे पास पानी की गाड़ी तक नहीं है?

अगर आप इन छोटी और गंभीर समस्याओं को देखने और सुधारने में नाकाम रहते हैं, तो फिर किस बात के लीडर्स हैं आप?

क्या आपकी राजनीति सिर्फ उद्घाटन और शोकसभाओं में माला पहनाने तक सीमित रह गई है?

आपदा के दिनों में जब जनता जल रही होती है, तब आपकी वो लंबी-चौड़ी फौज और सुरक्षा व्यवस्था कहाँ गायब हो जाती है?


जनता की भलाई के लिए निष्पक्ष जाँच और दोषियों पर विभागीय कार्रवाई होनी चाहिए।

इस पूरे प्रकरण में लीपापोती करने के बजाय, चाकघाट नगर परिषद, चाकघाट के आम नागरिक, और यहाँ तक कि खुद विभव जायसवाल को मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच हो।


एक विशेष जाँच समिति बनाई जानी चाहिए। जिसमें चाकघाट के सभी वर्गों के प्रतिष्ठित लोग और आम जनता शामिल हो। इस कमेटी के सामने experts को बुलाया जाए और दूध का दूध, पानी का पानी किया जाए।

जाँच होनी चाहिए कि पिछले दो महीनों से फायर ब्रिगेड खराब क्यों थी? इसके पीछे कौन से अधिकारी या कर्मचारी जिम्मेदार थे? किनकी फाइलों में यह मामला दबा रहा?

जो भी इस लापरवाही के पीछे दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए। भले ही उन्हें तुरंत नौकरी से बर्खास्त न किया जाए या सलाखों के पीछे न भेजा जाए, लेकिन उन्हें इस बात का अहसास जरूर कराया जाना चाहिए कि जनता की जान-माल के साथ खिलवाड़ करने का क्या परिणाम होता है। उन्हें यह मानसिक और प्रशासनिक तकलीफ जरूर मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में जब भी वे आएं, उन्हें अपनी जिम्मेदारी का अहसास रहे। भले ही वे बाकी के दिनों में ऐशो-आराम करें, लेकिन ऐसी दुर्घटनाओं का दिन उन्हें हमेशा याद रहना चाहिए ताकि वे हमेशा prepared रहें।

अशोक गुप्ता ‘गोलू’ जी के शुभचिंतकों राजनीति छोड़, मदद करनें पर ध्यान देना चाहिए।

इस लेख के माध्यम से मैं विशेष तौर पर उन लोगों से भी कहना चाहता हूँ जो अशोक गुप्ता ‘गोलू’ के शुभचिंतक हैं, जो उनके इस दुख में उनके साथ खड़े हैं।

भाइयों, आज अशोक जी पर जो आपदा आई है, वह कल किसी पर भी आ सकती है। इस दुख की घड़ी में राजनीति करने से या जबरन माहौल बिगाड़ने से उस परिवार का जला हुआ सामान वापस नहीं आ जाएगा। मेरी आपसे हाथ जोड़कर विनती है कि आप लोग मदद करने की कोशिश करिए।

कहा जाता है न कि “बूंद–बूंद से घड़ा भरता है।“ मैं यह बिल्कुल नहीं कहता कि आप लोग केवल पैसों से ही मदद करें। मदद कई तरह की हो सकती है, कोई श्रमदान से मदद कर सकता है, कोई मानसिक संबल दे सकता है, तो कोई संसाधन जुटाने में साथ दे सकता है। जो जिस स्तर पर और जिस रूप में मदद कर सकता है, उसे आगे आकर वह मदद करनी चाहिए। लेकिन इस मानवीय संकट को राजनीतिक रोटियां सेकने का अखाड़ा मत बनाइए।

एक स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर, जिसने चाकघाट की गलियों और बाजारों में जाकर खुद कई ग्राउंड रिपोर्टिंग किया है, मेरा यह स्पष्ट मानना है कि इस पूरे विवाद में उन स्थानीय लोगों के खिलाफ दर्ज मामले को ज्यादा तूल नहीं दिया जाना चाहिए।

इसके पीछे कई ठोस और जमीनी वजहें हैं:

विभव जायसवाल नगर परिषद के अध्यक्ष हैं, एक लीडर हैं। जब किसी क्षेत्र में बुनियादी व्यवस्थाएं पूरी तरह ध्वस्त हो जाती हैं, जैसे दो महीने से दमकल वाहन का खराब पड़ा रहना, तो उसकी नैतिक जिम्मेदारी नेतृत्व पर ही आती है। उस दिन फूटा गुस्सा इसी प्रशासनिक विफलता का नतीजा था। जनता का वह आक्रोश स्वाभाविक था, और वहाँ अगर कुछ लोग उग्र थे, तो बीच-बचाव करने और समझाने वाले समझदार लोग भी मौजूद थे। इसलिए एक लीडर होने के नाते उन्हें बड़ा दिल दिखाते हुए इस तात्कालिक गुस्से को माफ कर देना चाहिए और मामला शांत करना चाहिए।

चाकघाट की जनता का गुस्सा सिर्फ एक आग का नतीजा नहीं है। मैंने खुद अपनी रिपोर्टिंग में यह देखा और कवर किया है कि चाकघाट नगर पंचायत में भ्रष्टाचार किस कदर हावी है और विकास के नाम पर बेहद निम्न स्तर का काम हो रहा है। नगर अध्यक्ष पर अपने ही लोगों को नाजायज तरीके से नौकरी देने के गंभीर आरोप लगते रहे हैं, जिससे आम जनता में पहले से ही भारी रोष है। यह भी जानकारी मिली है कि दमकल गाड़ी भले ही खराब पड़ी है, लेकिन उसके लिए हजारों का तेल आज भी खर्च किया जा रहा है। यह जांच का विषय है। लोगों नें यह भी आरोप लगाया कि बहुत से ऐसे कर्मचारी हैं जो सिर्फ कागजों में नौकरी कर रहे हैं, आफिस काभी नहीं आते।

जमीनी हकीकत यह है कि चाकघाट की मुख्य सड़कों को खुदाई के बाद लंबे समय तक यूं ही खुला छोड़ दिया जाता रहा है, जिसकी सुध लेने वाला कोई नहीं रखता। इतना ही नहीं, पूरे नगर में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी पूरी तरह बदहाल है। रात के अंधेरे में पूरा चाकघाट इतना डरावना और असुरक्षित लगता है कि आम नागरिक का निकलना मुश्किल हो जाता है। जबकि हाइवे से लगा चाकघाट रात में खाने – पीने का बहुत बड़ा बाजार बन सकता है।

असली सवाल यह है कि इन बुनियादी समस्याओं, भ्रष्टाचार और अंधेरे में डूबे चाकघाट की सुध कौन लेगा? जनता के गुस्से पर एफआईआर दर्ज करने के बजाय, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को इन गंभीर मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि यही इस पूरे आक्रोश की असली जड़ हैं।

अंत में, एक पत्रकार के रूप में मैं यह सवाल सीधे आप लोगों से पूछना चाहता हूँ कि

इस पूरी दुर्घटना और व्यवस्था की इस घोर विफलता में आप आखिरकार किसे दोषी मानते हैं?

अंत में, एक पत्रकार के रूप में मैं यह सीधा सवाल आप सभी से पूछता हूँ—इस पूरी दुर्घटना और व्यवस्था की इस घोर विफलता में आप आखिरकार किसे दोषी मानते हैं? क्या यह सिर्फ एक व्यक्ति की गलती है, या इस सड़ चुकी प्रशासनिक व्यवस्था, लापरवाह अधिकारियों और आंखें मूंदकर बैठने वाले जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत का नतीजा है?

अपने विचार कमेंट बॉक्स के माध्यम से जरूर साझा करें, क्योंकि आपकी आवाज ही इस सोए हुए तंत्र को जगाने और एक नए बदलाव की शुरुआत करने का एकमात्र जरिया है। चाकघाट की इस आग ने हमें यह सिखा दिया है कि अगर हम आज नहीं जागे, तो कल यह आग किसी के भी घर तक पहुँच सकती है। वक्त आ गया है कि हम उंगली उठाने के बजाय एक ठोस व्यवस्था की मांग करें, जहाँ जनता की सुरक्षा कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर सुनिश्चित हो।

जय हिन्द, जय भारत!

मेरे अन्य लेख जिन्हें आपको अवश्य पढ़ना चाहिए:

Vijay Mishra
Vijay Mishrahttp://tknprime.com
विजय मिश्रा, जिन्हें मीडिया जगत में #JournalistVijay के नाम से जाना जाता है, ज़मीनी पत्रकारिता के एक निर्भीक, संवेदनशील और जन-उन्मुख संवाहक हैं। पत्रकारिता उनके लिए कोई आजीविका का साधन नहीं, बल्कि समाज के प्रति नैतिक दायित्व और जनसेवा का एक सशक्त माध्यम है। पेशागत रूप से दो दशकों (20+ वर्ष) के अनुभव वाले एक वरिष्ठ आईटी और ईआरपी (ERP) विशेषज्ञ होने के नाते, वे अपनी पेशेवर आजीविका आईटी क्षेत्र से अर्जित करते हैं। यही आर्थिक स्वतंत्रता उन्हें बिना किसी दबाव, प्रलोभन या व्यावसायिक पक्षपात के बेबाक और निष्पक्ष पत्रकारिता करने की अद्वितीय ताकत देती है।ज़मीनी पत्रकारिता और जन-सरोकार विजय मिश्रा की पत्रकारिता एसी कमरों या स्टूडियो की बहसों तक सीमित न रहकर सीधे सड़कों, गांवों और चौपालों तक पहुंचती है। मध्य प्रदेश की राजनीतिक धारा, मतदाताओं की बदलती सोच और ज़मीनी हकीकत पर उनकी गहरी पकड़ है। जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने के कारण वे आम मानस की नब्ज को बखूबी समझते हैं।उनकी पत्रकारिता का मुख्य केंद्र बिंदु प्रशासनिक तंत्र की खामियों को उजागर करना और अंतिम व्यक्ति की आवाज बनना है:नल-जल योजना व हर घर जल में भ्रष्टाचार: ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल संकट, पाइपलाइन बिछाने में हुई धांधलियों और 'हर घर नल योजना' के धरातल पर अधूरे वादों को उजागर करना।पीएम आवास योजना और राशन व्यवस्था: गरीबों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं जैसे 'प्रधानमंत्री आवास योजना' और 'राशन कार्ड' वितरण में होने वाली लालफीताशाही, कमीशनखोरी और धांधली की सीधी ग्राउंड रिपोर्टिंग।सत्ता और नीति-निर्माताओं से सीधे सवाल: नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और निर्णयकर्ताओं से सीधी मुलाकात कर उनसे जनता के ज्वलंत मुद्दों पर कड़े, तर्कसंगत और तीखे सवाल पूछना।हरिशंकर परसाई शैली का प्रभाव और व्यंग्यात्मक लेखन समय के साथ, विजय मिश्रा हिंदी साहित्य के महान व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की लेखन शैली से गहराई से प्रभावित हुए हैं। वे परसाई जी की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अपनी रिपोर्टिंग और आलेखों में तल्ख व्यंग्य (Satire) का प्रयोग करते हैं।राजनीतिक पाखंड, प्रशासनिक सुस्ती और सामाजिक विडंबनाओं पर प्रहार करने के लिए वे तीखे व्यंग्यात्मक तर्कों का सहारा लेते हैं। उनका मानना है कि जो बात सीधी रिपोर्टिंग से कभी-कभी दब जाती है, उसे व्यंग्य के जरिए तंत्र के ज़मीर को झकझोरने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।तकनीकी दक्षता और निष्काम समाज सेवा पत्रकारिता में उनका प्रवेश भले ही किसी विशेष परिस्थिति या सामाजिक परिस्थितियों की देन (Compulsion) रहा हो, लेकिन आज वे अपने खाली समय का उपयोग पूरी तरह से समाज-हित में करते हैं।निःस्वार्थ पत्रकारिता: पत्रकारिता से धन कमाना उनका उद्देश्य कभी नहीं रहा। वे अपनी आईटी पृष्ठभूमि के माध्यम से सम्मानित आजीविका कमाते हैं और पत्रकारिता के जरिए केवल पीड़ितों, वंचितों और आम जनता की मदद करते हैं।डेटा और तकनीक का उपयोग: एक वरिष्ठ आईटी पेशेवर होने के कारण वे डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल टूल्स और तकनीकी तथ्यों का उपयोग कर अपनी रिपोर्टिंग को अधिक प्रामाणिक और अकाट्य बनाते हैं।विजय मिश्रा की पत्रकारिता तकनीक, व्यंग्य, ज़मीनी जुड़ाव और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक ऐसा विरल मिश्रण है, जो आम जनता के लिए उम्मीद की एक किरण और व्यवस्था के लिए एक सतर्क प्रहरी का काम करती है।

Related articles

spot_img

Recent articles

spot_img